मुख्य समाचार

कृषि रोड मैप से बिहार में आम का उत्पादन 82 प्रतिशत बढ़ा

Patna Mango Festival 2025  :  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ज्ञान भवन में पटना आम महोत्सव 2025 का उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न जिलों से आए उत्पादकों से बात की और आम की विभिन्न प्रजातियों की जानकारी ली। सभी जिलों से करीब 800 आम उत्पादक महोत्सव में शामिल हुए हैं। 

इस मौके पर डिप्टी सीएम सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कृषि रोड मैप के लागू होने से वर्ष 2007-08 की तुलना में उत्पादन में करीब 82 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आम के गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए आम विकास योजना संचालित है। 

राज्य में स्थित कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र, वैशाली स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर मैंगो हर पहलू पर आम उत्पादकों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। वर्ष 2018 में भागलपुर के जर्दालू आम को जीआई टैग मिला है। 

कृषि मंत्री ने बताया कि वर्ष 2024-25 में 2235.07 मीट्रिक टन आम एवं पल्प का निर्यात किया गया। यूएई और सउदी अरब में एपिडा ने क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया है। इसमें बिहार के आम को प्रमोशन के लिए भेजा जा रहा है। 

इन प्रयासों से आम के उत्पादन के साथ मार्केटिंग को भी मजबूती मिल रही है। उद्यान निदेशालय प्रतिवर्ष आम महोत्सव का आयोजन करता है। इसमें आम उत्पादक, विशेषज्ञ एवं निर्यातक सभी को एक साझा मंच मिलता है। 

प्रधान सचिव पंकज कुमार ने किसानों को आम महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आम की पुरानी विरासत को सहेजना और उसे आगे बढ़ाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। हर वर्ष एक नई थीम पर महोत्सव हो। उन्होंने आम उत्पादकों को नई सोच और उद्यमिता के साथ काम करने पर जोर दिया। इससे किसानों की आय में लगातार वृद्धि होगी। 

कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी और मंगल पांडे, उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 
 


संबंधित खबरें