बिहार सरकार ने यू-टर्न लेते हुए घरेलू उपभोक्ताओं को जुलाई 2025 से 125 यूनिट बिजली फ्री देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद यह जानकारी फेसबुक और x पर दी है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस निर्णय को काफी अहम माना जा रहा है।
पांच दिन पहले (12 जुलाई को) 100 यूनिट मुफ्त बिजली देने की खबर प्रसारित हो रही थी। राज्य सरकार की ओर से वित्त विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा था कि मुफ्त बिजली देने के किसी प्रस्ताव पर सहमति नहीं दी गई है। इस विषय में प्रसारित खबरें भ्रामक हैं।
मुख्यमंत्री ने 125 यूनिट तक बिजली फ्री देने की घोषणा कर घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी है। इससे राज्य के 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को लाभ होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि हमलोग शुरू से ही सस्ती दरों पर सभी को बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। अब हमने तय कर दिया है कि 1 अगस्त 2025 से यानी जुलाई माह के बिल से ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा। इससे राज्य के 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को लाभ होगा।
हमने यह भी तय किया है कि अगले तीन वर्षों में इन सभी घरेलू उपभोक्ताओं से सहमति लेकर उनके घर की छतों पर अथवा नजदीकी सार्वजनिक स्थल पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर लाभ दिया जाएगा।
कुटीर ज्योति योजना के तहत जो अत्यंत निर्धन परिवार होंगे, उनके लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए पूरा खर्च राज्य सरकार करेगी। शेष के लिए भी सरकार उचित सहयोग करेगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को अब बिजली का 125 यूनिट तक कोई खर्च नहीं लगेगा। साथ ही राज्य में अगले तीन वर्षों में एक अनुमान के अनुसार 10 हजार मेगावाट तक सौर ऊर्जा उपलब्ध हो जाएगी।