प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोतिहारी से बिहार के लिए 7200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस मौके पर एक समारोह को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा बिहार तभी आगे बढ़ेगा,जब उसके युवा आगे बढ़ेंगे। हमारा संकल्प है समृद्ध बिहार, हर युवा को रोजगार। कुछ वर्षों में बिहार में ही रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार ने एक बड़ी योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत प्राइवेट कंपनी में पहली बार रोजगार पाने वाले युवाओं को 15 हजार रुपए केंद्र सरकार देगी। यह योजना एक अगस्त से शुरू हो रही है। इस पर केंद्र सरकार एक लाख करोड़ राशि खर्च करेगी। इसका लाभ बिहार के नौजवानों को भी मिलेगा।

पिछले दो माह में बिहार में मुद्रा योजना के तहत लाखों ऋण वितरित किए गए हैं। विशेष रूप से चंपारण में 60,000 युवाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा ऋण मिले हैं।
प्रधानमंत्री ने पूरे विश्वास के साथ कहा कि जैसे दुनिया में पूरब के देश विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहे हैं, वैसे ही भारत में यह दौर पूर्वी राज्यों का है। हमारा संकल्प है जैसे पश्चिमी भारत में मुंबई है, वैसे ही पूरब में मोतिहारी का नाम हो। जैसे अवसर गुरुग्राम में हैं, वैसे ही अवसर गयाजी में भी बने। पुणे की तरह पटना का भी औद्योगिक विकास हो।

पूर्वी भारत को आगे बढ़ाने के लिए बिहार को एक विकसित राज्य बनना होगा। पिछले 10 वर्षों में केंद्र सरकार ने बिहार के विकास के लिए लगभग 9 लाख करोड़ रुपए दिए हैं। यह पिछली सरकार के तहत दी गई राशि से चार गुना अधिक है।
इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, गिरिराज सिंह, ललन सिंह, चिराग पासवान, रामनाथ ठाकुर, नित्यानंद राय, सतीश चंद्र दुबे और राज भूषण चौधरी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा मौजूद रहे।