प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी की। देशभर के 9.7 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 20,500 करोड़ राशि भेजी गई। इस अवसर पर बिहार समेत पूरे देश में किसान उत्सव दिवस मनाया गया।
पटना के बापू सभागार में हुए राज्यस्तरीय आयोजन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। उन्होंने सभी महिला किसानों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह योजना किसानों के जीवन में नई ऊर्जा भर रही है।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने प्रति हेक्टेयर कृषि उत्पादकता बढ़ाने और धन धान्य योजना जैसे प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने मखाना उत्पादन में बिहार के महत्वपूर्ण योगदान और कृषि विज्ञान को खेत से जोड़ने की चर्चा की।
शिवराज सिंह ने किसानों को समय पर खाद और कीटनाशक उपलब्ध करने का आश्वासन दिया। साथ ही फसल खराब होने की स्थिति में क्षतिपूर्ति के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर होती है। इसमें उत्पादन लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़ा जाता है।
बापू सभागार में मौजूद सभी लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल को जन आंदोलन बनाएं और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करें।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, राज्य सरकार के मंत्री डॉ प्रेम कुमार, मंगल पांडेय, रेणु देवी एवं नितिन नवीन मौजूद रहे। राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता और कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने भी अपने विचारों को रखा।