मुख्य समाचार

शिबू सोरेन नहीं रहे, पीएम एवं सीएम ने व्यक्त किया शोक 

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन ने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में अंतिम सांस ली। 82 वर्षीय शिबू सोरेन किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। झारखंड सरकार ने उनके निधन पर तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने शिबू सोरेन के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। 

सर गंगा राम अस्पताल जाकर प्रधानमंत्री ने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन जमीन से जुड़े नेता थे, जिन्होंने लोगों के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में ऊंचाइयों को छुआ। वे आदिवासी समुदाय, गरीब और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उनके निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात की और संवेदना व्यक्त की। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि शिबू सोरेन एक प्रख्यात राजनेता थे। वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे। झारखंड की राजनीति में उनका अहम योगदान है। उनके निधन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
 


संबंधित खबरें