बिहार कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) पोर्टल का डिप्टी सीएम सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य सचिवालय सभा कक्ष में शुभारंभ किया। इस पोर्टल से राज्य में CSR निवेश को पारदर्शी, जवाबदेह और परिणाममुखी बनाने में मदद मिलेगी। इस मौके पर विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत एवं वित्त विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर भी मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि CSR केवल कानूनी दायित्व नहीं है, बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास का माध्यम है। 2014 से कंपनी अधिनियम के तहत यह अनिवार्य हुआ है, लेकिन भारतीय परंपरा में व्यापारी धर्मशाला, अस्पताल एवं स्कूल बनवाकर समाज-सेवा करते रहे हैं। यह एक गवर्नेंस इनोवेशन है, जो राज्य के विकास की दिशा तय करेगा।

उन्होंने बताया कि पोर्टल से सभी परियोजनाओं के लोकेशन, निवेशक और राशि की जानकारी सार्वजनिक होगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता मिलेगी। रियल टाइम मॉनिटरिंग से प्रगति ट्रैक होगी और समस्याओं का समाधान तेजी से होगा। कंपनियों की रिपोर्टिंग आसान होगी और आंकड़े नीति निर्माण में सहायक बनेंगे।
यह पोर्टल सरकार, कॉरपोरेट जगत और गैर सरकारी संगठन को एक मंच पर लाएगा, जहां सभी CSR परियोजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।