अधिक बारिश के कारण बिहार के 10 जिले बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित हैं। ये जिले भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर एवं कटिहार हैं। इन जिलों के 54 प्रखंडों की 25 लाख आबादी प्रभावित हुई है।
बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने संबंधित विभाग एवं डीएम को आवश्यक निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नदियों के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे। पीड़ितों की पूरी संवेदनशीलता के साथ मदद करें। राहत और फसल क्षति राशि का भुगतान एवं सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराएं।

विकास आयुक्त सह आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि राज्य में अच्छी बारिश के कारण 93 प्रतिशत धान की रोपनी हो चुकी है। बाढ़ राहत कैंपों में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार सारी व्यवस्थाएं की गई हैं। सामुदायिक रसोई केंद्र से लोगों को भोजन मिल रहा है। पशुओं के लिए चारा एवं चिकित्सा की व्यवस्था है।
समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री विजय कुमार मंडल, संबंधित विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिव मौजूद रहे।