मुख्य समाचार

भ्रष्टाचार के खिलाफ नए कानून में पीएम-सीएम भी शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बोधगया में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि एनडीए सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ एक कानून लायी है। इसके दायरे में देश का प्रधानमंत्री भी है। इस कानून में मुख्यमंत्री और मंत्रियों को भी शामिल किया गया है। 

जब यह कानून बन जाएगा, तो प्रधानमंत्री हो या मुख्यमंत्री, या फिर कोई भी मंत्री, उसे गिरफ्तारी के 30 दिनों के अंदर जमानत लेनी होगी। अगर जमानत नहीं मिली, तो 31वें दिन उसे कुर्सी छोड़नी होगी। संविधान हर जनप्रतिनिधि से ईमानदारी और पारदर्शिता की उम्मीद करता है।

बोधगया से प्रधानमंत्री ने बिहार के लिए 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों डिप्टी सीएम, केंद्र एवं राज्य सरकार के मंत्री शामिल हुए।

डोभी में बिहार का सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल एरिया : प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब बिहार में बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स बन रहे हैं। गयाजी जिले के डोभी में बिहार का सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल एरिया तैयार हो रहा है। गयाजी में एक टेक्नोलॉजी सेंटर की स्थापना हो रही है। 

आज यहां से बक्सर थर्मल पावर प्लांट का शुभारंभ हुआ है। कुछ महीने पहले मैंने औरंगाबाद जिले के नवीनगर में सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी थी। भागलपुर के पीरपैंती में भी नया थर्मल पावर प्लांट बनेगा। इन पावर प्लांट्स से बिहार में बिजली की आपूर्ति बढ़ेगी। 

बोधगया के बाद प्रधानमंत्री ने बेगूसराय जिले के सिमरिया से 6 लेन गंगा ब्रिज का उद्घाटन किया। परियोजना की लागत 1870 करोड़ है। 

इन परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन :

--  मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर

--  मोकामा के औंटा और बेगूसराय के सिमरिया के बीच 8 किलोमीटर लंबा 6 लेन गंगा ब्रिज 

--  बक्सर थर्मल पावर प्लांट (660 मेंगावाट) 

--  बख्तियारपुर से मोकामा 4 लेन सड़क (एनएच 31) 

--  मुंगेर में एसटीपी और सीवरेज नेटवर्क 

ट्रेनों का फ्लैग ऑफ :  गयाजी - दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, वैशाली-कोडरमा बौद्ध सर्किट ट्रेन

पीएम आवास योजना के अंतर्गत 16000 लाभार्थियों का गृह प्रवेश

इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास :

-- बोधगया, औरंगाबाद और जहानाबाद में जल आपूर्ति परियोजना, सीवरेज नेटवर्क और ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना

-- जमुई, दाउदनगर और बड़हिया में आईएंडडी और एसटीपी कार्य
 


संबंधित खबरें