वरिष्ठ पत्रकार और ‘द टेलीग्राफ’ के संपादक संकर्षण ठाकुर का निधन सोमवार की सुबह गुरुग्राम में हो गया। वे कुछ दिनों से बीमार थे। उन्होंने कई अंग्रेजी अखबारों में काम किया।
63 वर्षीय संकर्षण दरभंगा जिला से थे। संकर्षण ठाकुर के निधन पर कई वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिज्ञों ने शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि संकर्षण ठाकुर का निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे एक चर्चित नाम थे। उन्होंने बिहार की राजनीति से संबंधित पुस्तकें लिखीं हैं। इनमें ‘सिंगल मैन’ और ‘द ब्रदर्स बिहारी’ प्रमुख हैं। पत्रकारिता क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव समेत पार्टी के कई नेताओं ने भी संकर्षण ठाकुर के निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट की है। लालू प्रसाद ने कहा कि राजनीतिक पत्रकारिता में उत्कृष्टता के लिए इन्हें वर्ष 2001 में प्रेम भाटिया पुरस्कार मिला था। इनके योगदान और कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा।