मुख्य समाचार

औद्योगिक परियोजनाओं की बीआईए ने की सराहना 

बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) ने हाल के दिनों में शुरू की गई केंद्र एवं राज्य सरकार की औद्योगिक परियोजनाओं की सराहना की। साथ ही इनके समयबद्ध कार्यान्वयन पर जोर दिया।

बीआईए के 81वें वार्षिक समारोह में अध्यक्ष केपीएस केशरी ने कहा कि बिहार को तेजी से औद्योगिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने बीआईए की हीरक जयंती पर पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के उस ऐतिहासिक वक्तव्य को भी स्मरण किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनना है, तो बिहार को भी विकसित होना होगा।

उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों, आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हो रहे विकास एवं निवेश की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार को ‘औद्योगिक हब’ बनाने की दिशा में ठोस प्रयास कर रही है। इसके सकारात्मक परिणाम शीघ्र दिखेंगे।

पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंध निदेशक अशोक चंद्र ने औद्योगिक विकास में बैंकिग क्षेत्र की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पीएनबी बिहार के औद्योगिक विकास में एक सक्रिय भागीदार है और उद्यमियों को वित्तीय सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह ने आने वाली परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।


संबंधित खबरें