मुख्य समाचार

बिहार में 5 दिनों के लिए भारी बारिश एवं वज्रपात की चेतावनी 

पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार में अगले 4-5 दिनों के लिए भारी बारिश एवं वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र के संख्यात्मक मॉडल विश्लेषण के अनुसार वर्तमान वायुमंडलीय परिस्थितियां बारिश के लिए अत्यधिक अनुकूल बनी हुई हैं।  

इससे बिहार के एक-दो जगहों पर अत्यधिक भारी वर्षा, कुछ जगहों पर भारी वर्षा एवं विभिन्न हिस्सों में मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से सतर्कता जरूरी है। 

वर्तमान सिनॉप्टिक स्थिति :  पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम मध्य एवं उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर एक गहरा अवदाब (Deep Depression) सक्रिय है। यह उत्तर पश्चिम दिशा में लगभग 13 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है। 

2 अक्टूबर की रात तक ओडिशा एवं आंध्र प्रदेश तट पार करने की संभावना है। इस गहरे अवदाब से उत्पन्न दक्षिणी हवाएं बिहार की ओर पर्याप्त नमी पहुंचा रही हैं। इस कारण क्षेत्र में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मध्य भाग एवं आसपास के क्षेत्रों में एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण (Upper Air Cyclonic Circulation) विद्यमान है। यह वर्तमान मौसम प्रणाली को अतिरिक्त ऊर्जा प्रदान कर रहा है।

पिछले 24 घंटों में बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, सीतामढ़ी, दरभंगा एवं समस्तीपुर जिलों में अति भारी वर्षा, शेखपुरा, शिवहर, वैशाली, मधुबनी, नालंदा, गोपालगंज एवं पटना जिलों के कुछ जगहों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। 
 


संबंधित खबरें