मुख्य समाचार

बिहार विधानसभा चुनाव : 2 चरणों में मतदान, 14 नवंबर को रिजल्ट 

निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की घोषणा कर दी है। मतदान दो चरणों में और वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी। मतदान की तिथि 6 और 11 नवंबर है। 

इस घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई। पहले चरण में 121 और दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होगा।   

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। इस मौके पर चुनाव आयुक्त डॉ सुखबीर सिंह संधू और डॉ विवेक जोशी भी मौजूद रहेे।  

पहला चरण : 18 जिलों की 121 सीटों के लिए मतदान 6 नवंबर को होगा। अधिसूचना 10 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है। 

इन जिलों में होगा मतदान :  पटना जिला 14 विधानसभा क्षेत्र ( पटना साहिब, बांकीपुर, कुम्हरार, दानापुर, दीघा, मनेर, फुलवारी (एससी), फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, मसौढ़ी (एससी), पालीगंज, बिक्रम विधानसभा क्षेत्र) ।

आरा, बक्सर, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली, छपरा, सीवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा और मधेपुरा। 

दूसरा चरण :  20 जिलों की 122 सीटों के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा। अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है।

इन जिलों में होगा मतदान : भागलपुर जिला ( भागलपुर, नाथनगर, सुल्तानगंज, कहलगांव, पीरपैंती (एससी), गोपालपुर, बिहपुर विधानसभा क्षेत्र), बांका जिला (बांका, अमरपुर, कटोरिया (एसटी), बेलहर, धोरैया (एससी)।

जमुई, गयाजी, नवादा, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, रोहतास, कैमूर, पश्चिमी एवं पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार। 

वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 तक है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के 7.43 करोड़ मतदाता विधानसभा की 243 सीटों के लिए मतदान करेंगे। 243 में 38 सीट एससी और दो सीट एसटी के लिए आरक्षित है। बांका जिले का कटोरिया और कटिहार जिले का मनिहारी विधानसभा क्षेत्र एसटी कोटे से है। 

30 सितंबर 2025 को जारी मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष के 14.01 लाख मतदाता हैं। ये पहली बार मतदान करेंगे। 85 वर्ष से अधिक उम्र के 4.03 लाख मतदाता और थर्ड जेंडर 1725 हैं।    

एक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता होंगे। 2024 लोकसभा की तुलना में इस बार मतदान केंद्रों की संख्या अधिक होगी।   


संबंधित खबरें