बिहार में अगले दो दिनों तक चक्रवाती तूफान मोंथा का असर दिखेगा। 30 और 31 अक्टूबर को राज्य के अधिकतर जिलों में मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात एवं तेज हवा चलने की संभावना है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार :
30 अक्टूबर को बांका, जमुई, सुपौल, अररिया, किशनगंज और शेखपुरा जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। पटना, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, मुंगेर, भागलपुर, बक्सर, अरवल, जहानाबाद एवं नालंदा जिलों के एक या दो स्थानों पर भी भारी बारिश हो सकती है।

31 अक्टूबर को राज्य के पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, अररिया, दरभंगा एवं सुपौल जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है। गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया जिलों के एक या दो स्थानों पर भी भारी बारिश हो सकती है।
किसानों के लिए सलाह :
- तैयार फसलों को शीघ्र काटकर सुरक्षित स्थान पर रख सकते हैं।
- खेत में रखी फसल का भंडारण कर लें।
- सब्जी की सिंचाई फिलहाल टाल दें।
मौसम प्रणाली : बंगाल की खाड़ी से चक्रवाती तूफान मोंथा के उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और 28 अक्टूबर की सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। 28 अक्टूबर की रात मोंथा आंध्रप्रदेश तट को पार करेगा।
इसके बाद तूफान धीरे-धीरे कमजोर होकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए झारखंड की ओर बढ़ेगा। 30 अक्टूबर को झारखंड और समीप के राज्यों में निम्न दबाव के रूप में पहुंचेगा।