बक्सर जिला के नवानगर में विकसित हो रहे स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जायजा लिया। बिहार में नवानगर के अलावा पश्चिम चंपारण के कुमारबाग में स्पेशल इकोनॉमिक जोन को वाणिज्य मंत्रालय से मान्यता मिली है।
नवानगर स्पेशल इकोनॉमिक जोन 126 एकड़ जमीन पर तैयार हो रहा है। इस जोन में निर्यात करनेवाली कंपनियों को जमीन मिलेगी। यहां बने उत्पाद देश के बाहर और दूसरे राज्यों में भेजे जाएंगे। इससे निर्यात में राज्य की भागीदारी बढ़ेगी।

बक्सर जिला में तीन औद्योगिक क्षेत्र बक्सर, नवानगर और डुमरांव हैं। नवानगर औद्योगिक क्षेत्र की जमीन 439.68 एकड़ है। इसमें से 126.51 एकड़ जमीन स्पेशल इकोनॉमिक जोन के लिए है।
नवानगर में मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग की कार्ययोजना और जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने रोजगार सृजन पर जोर देते हुए कहा कि यह क्षेत्र बिहार के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नीतीश कुमार ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित पेप्सी और कोका कोला बॉटलिंग प्लांट एवं भारत प्लस इथेनॉल यूनिट के काम को देखा और आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीएम के प्रधान सचिव एवं सचिव, उद्योग सचिव कुंदन कुमार और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।