नवादा जिले के रजौली में औद्योगिक विकास के लिए 220 एकड़ जमीन उपलब्ध है। 81 एकड़ सरकारी जमीन है। शेष 139.48 एकड़ रैयत जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नवादा दौरे के दौरान अधिकारियों ने उन्हें यह जानकारी दी। रजौली प्रखंड के फुलवरिया जलाशय के समीप प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र का मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। नवादा शहर से इसकी दूरी लगभग 38 किलोमीटर है।
फुलवरिया जलाशय में लग रहे 10 मेगावाट के फ्लोटिंग सोलर प्लांट के काम को भी सीएम ने देखा। संयंत्र ‘ऊपर बिजली नीचे मछली’ की तर्ज पर काम करेगा।

सूर्यम इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड को सोलर प्लांट लगाने का काम मिला है। यह बिहार का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सोलर प्लांट होगा। सोलर पैनल लगाने के लिए एजेंसी जलाशय सतह क्षेत्र की 30 एकड़ जमीन का उपयोग कर रही है। शेष क्षेत्र का उपयोग मछली पालन और अन्य काम के लिए होगा।
तिलैया नदी का पानी फुलवरिया जलाशय में जमा होता है। इस पानी से बड़े क्षेत्र में सिंचाई हो रही है। जलाशय तीन तरफ पहाड़ियों से घिरा है। पर्यटन के ख्याल से भी यह जगह महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।