बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) की दो दिवसीय कार्यशाला (मंथन 2025) में राज्य के प्रमंडलीय आयुक्त, जिला पदाधिकारी एवं कई आईएएस अधिकारी शामिल हुए। गयाजी स्थित बिपार्ड में कार्यशाला का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करें। पूरी संवेदनशीलता एवं ईमानदारी से जनकल्याण का काम होना चाहिए। आप सभी से लोगों को काफी उम्मीद रहती है। बिहार को देश के पांच विकसित राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार की योजनाओं पर तेजी से काम करें।

इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने महाबोधि मंदिर में पूजा कर राज्य में शांति एवं समृद्धि की कामना की। बोधगया मंदिर प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट किया।