मुख्य समाचार

2 फरवरी से बिहार का बजट सत्र, 3 को पेश होगा बजट

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र 2 फरवरी से शुरू हो रहा है। राज्य के वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव 3 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। उसी दिन आर्थिक सर्वेक्षण (वित्तीय वर्ष 2025-26) भी पेश किया जाएगा। 

बजट सत्र 27 फरवरी तक है। सत्र के सफल संचालन के लिए विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। 

अध्यक्ष ने सदस्यों को बताया कि इस सत्र में 19 बैठक होगी। 7 फरवरी को बिहार विधानसभा भवन का स्थापना दिवस भी है। उस दिन सेंट्रल हॉल में दोनों सदन के सदस्यों की उपस्थिति में एक व्याख्यान कार्यक्रम होगा। इसमें लोकसभा के अध्यक्ष, राज्यसभा के उपसभापति एवं केंद्रीय संसदीय मंत्री शामिल होंगे। 

सर्वदलीय बैठक में अध्यक्ष ने शून्यकाल को ऑनलाइन करने का प्रस्ताव रखा। इससे सदस्यों को शून्यकाल की सूचना देने के लिए भौतिक रूप से उपस्थित नहीं रहना होगा। शून्यकाल के ऑनलाइन होने से सभी सदस्यों के समय की बचत होगी। इस प्रस्ताव पर सभी दल के नेताओं ने सहमति दी। 

अध्यक्ष ने कहा कि प्रश्नोत्तर काल बाधित न हो। इसका ध्यान सभी को रखना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सत्र के दौरान जनहित के विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श होगा। सत्ता पक्ष और विपक्ष परस्पर सहयोग से जन समस्याओं का समाधान करेंगे।

बैठक में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, वित्त एवं वाणिज्य कर मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विधानसभा सदस्य आलोक मेहता, अरूण सिंह, माधव आनंद , इंद्रजीत गुप्ता, सतीश यादव, कुमार सर्वजीत, डॉ प्रकाश चंद्र एवं ज्योति देवी, विधानसभा की सचिव डॉ ख्याति सिंह एवं वरीय अधिकारी मौजूद रहे। 
 


संबंधित खबरें