मुख्य समाचार

Bihar : रसोई गैस की परेशानी, इस नंबर पर करें फोन

घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की मदद के लिए पटना जिला प्रशासन ने टेलिफोन नंबर 0612- 2219810 जारी किया है। इस नंबर पर आप सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक रसोई गैस की आपूर्ति से संबंधित जानकारी और शिकायत दर्ज करा सकते हैं। 

देश में खाड़ी संकट का सर्वाधिक असर एलपीजी की सप्लाई पर दिख रहा है। पिछले चार दिनों से यह संकट और गहरा गया है। गैस एजेंसी के गोदाम के समीप लंबी कतार लगी है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि एलपीजी की कम सप्लाई के कारण यह स्थिति बनी है। 

इसके विपरीत सरकार कहती है कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। सभी वितरक और गैस कंपनियों के पास पर्याप्त एलपीजी उपलब्ध है।   

पटना के डीएम त्यागराजन एस.एम ने बताया कि गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने के लिए संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग है। उपभोक्ताओं को कोई समस्या न हो। इसके लिए गैस एजेंसी की लगातार जांच हो रही है। 

गैस की ब्लैक मार्केटिंग और अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है। 12 मार्च को पटना सदर में 2 और दानापुर में 2 एफआईआर हुई है। प्रखंड स्तर पर जमाखोरी की रोकथाम के लिए 28 धावा दल सक्रिय है। गैस एजेंसी के समीप फोर्स और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

डीएम त्यागराजन एस.एम ने कहा कि लोग घबराहट में बुकिंग न करें। बुकिंग एवं डिलिवरी मिस्ड कॉल, एसएमएस-आईवीआरएस, व्हाट्सएप और ओटीपी के आधार पर होता है। गैस की बुकिंग के लिए 25 दिन का अंतराल निर्धारित है। 
 


संबंधित खबरें