बिहार में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए जमुई जिले में 6 हजार करोड़ की लागत से स्टील प्लांट लगानेे का काम हो रहा है। साथ ही नवादा में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की तैयारी चल रही है। इससे सस्ती बिजली उपलब्ध होगीे।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने यह जानकारी जमुई और नवादा में दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ समृद्धि यात्रा के दौरान दोनों जगहों पर वे एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
जमुई जिले के लछुआर में डिप्टी सीएम ने कहा कि भीमबांध और कुंड घाट को इको टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। जिले में स्टील और इथेनॉल प्लांट लगने के बाद लोगों को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
नवादा के आईटीआई मैदान में सम्राट चौधरी ने कहा कि जिले में पानी की समस्या को दूर करने के लिए गंगा से जलापूर्ति की व्यवस्था की गई है। फुलवरिया डैम को विकसित किया जा रहा है। साथ ही बड़े पैमाने पर मछली पालन को भी बढ़ावा मिल रहा है।