मुख्य समाचार

नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़ से 9 की मौत

नालंदा जिला के बिहारशरीफ स्थित शीतला माता मंदिर में भगदड़ से 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों में 8 महिलाएं और 1 पुरुष हैं। घायलों का इलाज बिहारशरीफ के हॉस्पिटल में हो रहा है। घटना मंगलवार की सुबह करीब 9.30 बजे हुई। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के राजगीर दौरे के कारण मंदिर में प्रशासनिक व्यवस्था नदारद थी। नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने राष्ट्रपति राजगीर में थीं।     

चैत्र माह के आखिरी मंगलवार के कारण शीतला माता मंदिर परिसर में काफी भीड़ थी। मुख्य मंदिर जाने का मार्ग काफी संकीर्ण है। बताया जा रहा है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बांस की बैरिकेेडिंग की गई थी। अधिक भीड़ के कारण बांस टूट गया। इससे कुछ श्रद्धालु सीढ़ी पर गिर गए। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई।            

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख राशि (कुल 6 लाख रुपये) देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के समुचित इलाज का भी निर्देश दिया है।


संबंधित खबरें