मुख्य समाचार

Bihar cabinet expansion : समारोह में पीएम मोदी भी होंगे शामिल

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। ऐतिहासिक गांधी मैदान में 7 मई (गुरुवार) को नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण होने जा रहा है। कार्यक्रम 12ः10 बजे से शुरू होगा। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। 

इससे पहले प्रधानमंत्री 20 नवंबर 2025 को नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। उस समय मुख्यमंत्री के साथ 26 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी।

शपथ ग्रहण समारोह के कारण पटना शहर की ट्रैफिक व्यवस्था 7 मई की सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक बदली रहेगी।  

समारोह से पहले प्रधानमंत्री का पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक रोड शो होगा। समारोह में केंद्र सरकार के कई मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे।

बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार में बीजेपी-जदयू से 14-14, लोजपा (आर) से 2, हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से 1-1 मंत्री होंगे। जदयू से नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के भी मंत्री बनने की चर्चा है। 

बीजेपी के सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल 2026 को बिहार लोकभवन में 24वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। जदयू से बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी डिप्टी सीएम बने। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के कारण उस समय मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो सका। बिहार से बीजेपी के कई नेता चुनाव प्रचार में व्यस्त थे। 


संबंधित खबरें