बिहार-नेपाल सीमा ( Bihar-Nepal border) पर सुरक्षा को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक पटना में हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि सीमा से जुड़े फैसलों में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। भारत-नेपाल सीमा खुली होने के कारण संवेदनशील है। इसके मद्देनजर केंद्र सरकार के निर्देशों का सख्ती से पालन होना चाहिए। सीमा पर सुरक्षा तंत्र को मजबूत रखें।
बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, गृह विभाग के एसीएस अरविंद कुमार चौधरी और डीजी ऑपरेशन कुंदन कृष्णन भी मौजूद रहे।
सीएम ने कहा कि बेहतर निगरानी के लिए नई तकनीक का उपयोग करें। सीमा पर होनेवाले संदिग्ध मूवमेंट, नशीले पदार्थ, नकली नोट और तस्करी जैसी गतिविधियों पर अलर्ट रहें।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने बताया कि 26-27 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। मुख्य सचिव ने प्रेजेंटेशन के जरिए केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देशों की पूरी जानकारी दी।