पटना के नए डीएम कुंदन कुमार ने कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने निवर्तमान डीएम त्यागराजन एसएम से प्रभार ग्रहण किया। कुंदन कुमार इससे पहले नालंदा के डीएम थे।
त्यागराजन एसएम को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष के साथ स्वास्थ्य विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
राज्य सरकार ने एक दिन पहले 11 जिलों के डीएम का तबादला और 10 आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया है।
अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष पद से मुक्त कर दिया गया है। अब वे पूरी तरह पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का काम देखेंगे।
रोहतास की डीएम उदिता सिंह नालंदा की डीएम, उत्पाद आयुक्त अंशुल अग्रवाल बांका, जहानाबाद की डीएम अलंकृता पांडेय भागलपुर, कुमार गौरव मुजफ्फरपुर और दीपक मिश्रा रोहतास के डीएम बनाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग में विशेष सचिव छिरिड वाई भूटिया को जहानाबाद, कॉम्फेड के एमडी समीर सौरभ को गोपालगंज, कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव को मोतिहारी, नवीन कुमार को किशनगंज और विक्रम विरकर को खगड़िया डीएम की जिम्मेदारी मिली है।
सामाजिक सुरक्षा के निदेशक धर्मेंद्र कुमार बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष बनाए गए हैं।