मुख्य समाचार

Bhagalpur : 400 एकड़ में विकसित होगा औद्योगिक क्षेत्र

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर जिले में लगभग 400 एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की घोषणा की है। उन्होंने बिहार से बाहर रह रहे लोगों से कहा कि वे अपने राज्य लौटें और बिहार की समृद्धि एवं विकास में सहभागी बनें। राज्य सरकार उन्हें उद्योग लगाने के लिए जमीन, बिजली और पानी जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री भागलपुर जिले के गोराडीह में एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। गोराडीह के कासिल परिसर स्थित नए डिग्री कॉलेज से उन्होंने पूरे राज्य में खुले 211 नए कॉलेजों में पढ़ाई कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर डिप्टी सीएम विजय चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री संजय टाइगर, सांसद एवं विधायक, मुख्य सचिव, डीजीपी समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम ने बताया कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय को आधुनिक स्वरूप में पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 220 एकड़ जमीन पर एक साल में विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना का लक्ष्य है। 

क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु की मरम्मत जारी है। इसे 30 नवंबर 2026 तक फिर से शुरू कर दिया जाएगा। इससे लाखों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधारभूत संरचना और पर्यटन के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है। मुंगेर से भागलपुर तक गंगा मरीन ड्राइव ( 83 किलोमीटर) का निर्माण शुरू हो गया है। सबौर से  राजमहल बॉर्डर तक इसका विस्तार होगा। बाहर से भी लोग इसे देखने आएंगे। कहलगांव के समीप गंगा नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बटेश्वर धाम तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोप-वे का निर्माण होगा। 

भागलपुर क्षेत्र में दो एयरपोर्ट विकसित होंगेे। इनमें सुल्तानगंज में प्रस्तावित एयरपोर्ट भी शामिल है। इससे उद्योग, पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलेगी। पीरपैंती में 2400 मेगावाट का पावर प्लांट लगने जा रहा है। इसकी क्षमता 1600 मेगावाट तक बढ़ेगी। इस परियोजना में 70 हजार करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट होगा।

सीएम सम्राट ने कहा कि अपराधी किसी भी जाति या धर्म का हो, उस पर कार्रवाई होगी। साइबर अपराधियों पर भी नकेल कसने की तैयारी है। 15 अगस्त से डॉक्टर बाहर के अस्पतालों में मरीजों को रेफर नहीं कर सकेंगे। अनुमंडल और जिला के अस्पतालो में ही मरीजों का इलाज होगा। मरीजों को बेवजह रेफर करनेवाले डॉक्टरों पर कार्रवाई होगी। 


 


संबंधित खबरें