पटना के जेपी गोलंबर से करगिल चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐतिहासिक गांधी मैदान में दीप जलाकर तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान वंदे मातरम को समर्पित है। देश राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूरा होने का पर्व मना रहा है।
तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का आयोजन कला एवं संस्कृति विभाग ने किया है। ऐतिहासिक गांधी मैदान का क्षेत्र भारत माता की जयघोष,राष्ट्रभक्ति धुन एवं ढोल-नगाड़ों से गूंजता रहा। इस अभियान में राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं विशाल जनसमूह ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत 21 लाख झंडों का वितरण किया गया है।17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान में पंचायती राज एवं नगर विकास विभाग भी योगदान दे रहे हैं। यह बिहार के 14 करोड़ लोगों की भागीदारी का अभियान है।
उन्होंने कहा कि हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने अपनी शहादत देकर हमें स्वतंत्रता और तिरंगा प्रदान किया है। इसकी गरिमा एवं सम्मान की रक्षा करना युवा पीढ़ी का दायित्व है। हम सभी मिलकर भारत को आगे बढ़ाने और राष्ट्र की रक्षा में अपना योगदान दें।
