मुख्य समाचार

कोसी पर हाई लेवल डैम के डीपीआर को शीघ्र पूरा करने का निर्देश 

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार सरकार के आग्रह पर कोसी नदी पर हाई लेवल डैम के डीपीआर को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री ने सीएम सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी के साथ दिल्ली में बैठक की। बैठक में सहमति बनी कि डैम के लिए संयुक्त तकनीकी विशेषज्ञ समिति बनेगी। इसमें बिहार से एक सदस्य रहेंगे।

केंद्रीय विदेश मंत्री डाॅ एस. जयशंकर भी बैठक में मौजूद रहे। कोसी-मेची रिवर लिंक परियोजना के संबंध में पहले चरण के लिए आवश्यक राशि और दूसरे चरण के तकनीकी अनुमोदन पर चर्चा हुई। निर्मला सीतारमण ने जल शक्ति मंत्रालय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस परियोजना से बिहार के सीमांचल क्षेत्र को लाभ होगा। सप्त कोसी परियोजना के संबंध में भी बात हुई।

केंद्रीय बजट में घोषणाओं के अनुरूप बिहार को मिलने वाली राशि एवं विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी विचार हुआ। मुख्यमंत्री ने बिहार के विकास के लिए केंद्र से अपेक्षित सहयोग एवं लंबित विषयों पर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया। 

विक्रमशिला विश्वविद्यालय, हाजीपुर में NIFTEM, सोन-फल्गू रिवर लिंक परियोजना, महाबोधि एवं विष्णुपद मंदिर काॅरिडोर के काम को शीघ्र शुरू कराने पर वार्ता हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि बैठक सकारात्मक रही। बिहार के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्र सरकार की ओर से सकारात्मक सहयोग एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन मिला है। 


संबंधित खबरें