मुख्य समाचार

नेपाल में फ्लैश फ्लड, बिहार में गंडक नदी से जुड़े जिलों में हाई अलर्ट

नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद बिहार में गंडक नदी में जलप्रवाह बढ़ने की काफी आशंका है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने संबंधित जिलों में आवश्यक तैयारी करने का निर्देश दिया। 

नेपाल की स्थिति को देखते हुए बिहार में गंडक नदी से जुड़े जिलों में विशेष खतरा है। पूर्वी एवं पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली सहित अन्य संवेदनशील जिलों के प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश है। 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रतिकूल परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी और राहत एवं बचाव कार्य में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। 

सभी तटबंध एवं बांधों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। रात में भी विशेष पेट्रोलिंग कराएं। संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को लगातार सूचना देते रहे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम की मदद लें। 

डिप्टी सीएम सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने लोगों से अपील की है कि सतर्क रहें, घबराएं नहीं। समस्या पहले से बड़ी है, लेकिन फिलहाल नियंत्रण में है। 

गंडक नदी पर दबाव बढ़ने की उम्मीद है। नेपाल के तिब्बत प्रभाग में ग्लेशियर फटने से पानी तेजी से बढ़ रहा है। त्रिशूली नदी से देवघाट और उसके बाद गंडक नदी में पानी आयेगा। अच्छी बात है कि गंडक नदी का जल स्तर कम है। 

डिप्टी सीएम ने बताया कि आकलन है कि लगभग ढाई लाख क्यूसेक पानी गंडक बराज से गुजर सकता है। पानी तेजी से आएगा। इस पर सरकार की नजर है। बाढ़ राहत के लिए अतिरिक्त टीम की तैनाती की गई है।
 


संबंधित खबरें