बिहार में पिछले चार दिनों से गंगा नदी उफान पर है। पटना के गांधी घाट में गंगा का जल स्तर वर्ष 2016 के अधिकतम रिकॉर्ड 50.52 मीटर को पार कर गया। वर्तमान स्तर 50.57 मीटर है। यह खतरे के निशान से 1.97 मीटर अधिक है। खतरे को देखते हुए पटना जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पटना के डीएम कुंदन कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि आपात स्थिति में जिला प्रशासन को तत्काल सूचना दें। इसके लिए जिला प्रशासन के नंबर 0612-2210118/2219234, 8235449748 पर संपर्क कर सकते हैं। डीएम ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं,सतर्क रहें। प्रशासन के जारी निर्देशों का पालन करें।

डिप्टी सीएम सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि वर्तमान में गंगा के जल स्तर में वृद्धि सोन एवं घाघरा नदी में अप्रत्याशित जल प्रवाह के कारण हुआ है। सोन नदी का जल स्तर घट रहा है और घाघरा स्थिर है।
उम्मीद है कि अगले चौबीस घंटे में स्थिति सामान्य होगी। जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन की टीम सभी संवेदनशील जगहों पर कार्यरत है। हम लोगों की कोशिश है कि पानी किसी भी रिहायशी इलाक़े में नहीं पहुंचे। इसके लिए सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।