पटना। पटना विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में शामिल होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अक्टूबर (शनिवार) को पटना आ रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री साइंस कॉलेज परिसर में शनिवार को 11 बजे से दोपहर 12ः15 बजे तक रहेंगे। पीएम का संबोधन करीब 40 मिनट का होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भाषण पांच मिनट का होगा। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी चार मिनट में अपनी बात रखेंगे। प्रधानमंत्री के साथ मंच पर 11 अतिथि मौजूद रहेंगे। संभावित अतिथियों में राज्यपाल सत्यपाल मलिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, रविशंकर प्रसाद, अश्विनी चैबे, उपेंद्र कुशवहा, डॉ सत्यपाल सिंह व कुलपति प्रो. रासबिहारी प्रसाद सिंह शामिल हैं।
पटना विश्वविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पटना साहिब सांसद शत्रुघ्न सिन्हा समेत तमाम सांसद, राज्य सरकार के मंत्री, पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश, मुख्य सचिव, डीजीपी व राज्य सरकार के सभी बोर्ड के अध्यक्ष अतिविशिष्ट अतिथि में शामिल हैं।