पटना। गत चार दिनों से आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने शुक्रवार को पांच अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। राजस्व पर्षद के अध्यक्ष सह सदस्य त्रिपुरारि शरण को पर्यावरण एवं वन विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है। पर्यावरण एवं वन विभाग के प्रधानसचिव विवेक कुमार सिंह का तबादला राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में हुआ है। उनके पास पहले इस विभाग का अतिरिक्त प्रभार था। आईआरएस सेवा के अधिकारी और निवेश आयुक्त, मुंबई आरएस श्रीवास्तव को बियाडा के साथ आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार, पटना का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अंतरराज्यीय प्रतिनियुक्ति से लौटे असंगबा चुबा आओ को खान एवं भूतत्व विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। उनके पास निदेशक खान एवं भूतत्व विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। इसी तरह अंतरराज्यीय प्रतिनियुक्ति से लौटे अजय यादव को सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।