मुख्य समाचार

ट्वीटर पर रेलवे से सहमति के बाद अमूल ने भेजी मक्खन की पहली खेप

नई दिल्ली/एजेंसी। डेयरी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अमूल ने देश के विभिन्न हिस्सों में सामान पहुंचाने के लिए रेलवे की परिवहन सेवाओं का इस्तेमाल शुरू किया है। इसके तहत कंपनी ने रेलवे के रेफ्रिजरेटर पार्सल डिब्बे में मक्खन की पहली खेप पालनपुर से दिल्ली भेजी है।
अमूल ने 23 सितंबर को भारतीय रेलवे को ट्वीट कर देश के विभिन्न हिस्सों में सामान पहुंचाने के लिए रेलवे की सेवाओं का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव में अमूल ने पूछा था कि वह देश में मक्खन पहुंचाने के लिए रेलवे के रेफ्रिजरेटर पार्सल डिब्बे का इस्तेमाल करना चाहता है।
अमूल ने ट्वीट में लिखा है कि 17 मीटरिक टन अमूल मक्खन पालनपुर से दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया है। अमूल ने त्वरित कदम उठाने के लिए भारतीय रेल को धन्यवाद किया है। इस पर भारतीय रेलवे ने ट्वीट पर तुरंत कंपनी के ही प्रचलित टैग लाइन का इस्तेमाल करते हुए जवाब दिया कि भारतीय रेलवे को अटर्ली-बटर्ली द टेस्ट ऑफ इंडिया को हर भारतीय तक पहुंचाने में प्रसन्नता होगी।
भारतीय रेल आमतौर पर यात्रियों की परेशानी दूर करने के लिए ट्वीटर हैंडल का इस्तेमाल करता है, लेकिन शायद यह पहला मौका है जब इसका इस्तेमाल किसी कारोबारी प्रस्ताव के लिए हुआ है। 
भारतीय रेलवे ने कुछ साल पहले खराब होने वाले सामान जैसे फल, सब्जी, मांस और चॉकलेट के सुविधाजनक परिवहन के लिए रेफ्रिजरेटर वैन सेवा की शुरुआत की थी। हालांकि, ये सेवाएं कुछ विशिष्ट मार्ग पर ही उपलब्ध हैं।
 


संबंधित खबरें