बिहार में ग्लोबल रिन्यूएबल एडवांस क्लीन एनर्जी 22,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके लिए कंपनी ने 6 अगस्त 2026 को उद्योग विभाग के साथ एमओयू किया।
एमओयू के 8 दिनों बाद हैदराबाद स्थित ग्लोबल रिन्यूएबल कंपनी के निवेश पर सवाल उठने लगे हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का कहना है कि इस कंपनी की स्थापना 25 फरवरी 2026 को हुई है। इसके पास केवल 11 लाख की पूंजी है। ऐसी स्थिति में यह कंपनी 22,500 करोड़ रुपये का निवेश कैसे करेगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एमओयू पर हस्ताक्षर के दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सबकी उपस्थिति में कोई कंपनी इतना बड़ा दावा करके चली गई और किसी ने सवाल नहीं किया। राज्य सरकार को 2024, 2025 और उसके पहले हुए दो लाख करोड़ से अधिक के एमओयू की प्रगति रिपोर्ट भी जारी करनी चाहिए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में बड़ी कंपनियों का स्वागत है। उन्हें हर संभव मदद मिलेगी,लेकिन कागजी कंपनियों को बिहारवासी सहन नहीं करेंगे। ऐसी कंपनियां सरकार से 1 रुपये में जमीन लेकर,एसेट बनाकर,अनुदान लेकर फरार हो जाएंगी।