बिहार शुगर मिल्स एसोसिएशन (BSMA) के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के गन्ना उत्पादकों की परेशानियों के शीघ्र समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के सचिव नरेश भट्ट ने बताया कि बिहार में अभी 10 चीनी मिलें चालू हैं। राज्य में 2.60 लाख हेक्टेयर क्षेत्र (अनुमानित) में गन्ने की खेती हो रही है। इनसे लगभग 2.50 लाख किसान जुड़े हैं।
वर्तमान मौसम गन्ने की फसल के लिए महत्वपूर्ण है। इस समय फसल को यूरिया की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। यूरिया की कमी के कारण गन्ने की पत्तियां पीली हो रही हैं। जलजमाव से भी फसल को नुकसान हो रहा है।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि राज्य में खाद की कमी नहीं है। विभाग के प्रधान सचिव और कृषि निदेशक को गन्ना किसानों के लिए यूरिया की विशेष व्यवस्था करने के लिए कहा गया है।
गन्ने के खेत में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लघु जल संसाधन और सहकारिता विभाग के साथ शीघ्र एक संयुक्त बैठक होगी।उन्होंने किसानों को मिट्टी जांच कराकर खाद का प्रयोग करने का सुझाव दिया। साथ ही केमिकल फर्टिलाइजर की जगह जैविक एवं प्राकृतिक खाद के उपयोग की सलाह दी।