पटना। सरकार ने अन्न भंडारण के लिए धातु कोठिला एवं गोदाम निर्माण के लिए किसानों को अनुदान देने का प्रावधान किया है। योजना 23 जिलों अरवल, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, गया, जमुई, जहानाबाद, कैमूर, खगड़िया, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, नवादा, पटना, रोहतास, सारण, शेखपुरा, शिवहर, वैशाली एवं प.चंपारण में शुरू है।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि अन्नदाता किसान कड़ी मेहनत कर फसल का उत्पादन तो कर लेते हैं, लेकिन उनके पास अनाज भंडारण की उचित सुविधा नहीं है। इस कारण वे अपने अनाज को औने-पौने दाम में बेचने को मजबूर हो जाते हैं।
धातु कोठिला छोटे किसानों के लिए काफी उपयोगी है। 2017-18 में एक धातु कोठिला पर प्राक्कलित राशि 2,029 रुपये निर्धारित है। सामान्य जाति के किसानों को लागत मूल्य का 40 प्रतिशत अनुदान अधिकतम 812 रुपये एवं एससी-एसटी किसानों को लागत मूल्य का 56 प्रतिशत अनुदान अधिकतम 1,136 रुपये दिया जाता है।
डाॅ कुमार ने बताया कि सरकार ने किसानों को 200 मीट्रिक टन धारिता वाले गोदाम निर्माण करने पर अधिकतम 5 लाख रुपये अनुदान देने की व्यवस्था की है। किसान अपने खर्च पर चाहे तो 200 मीट्रिक टन से अधिक धारिता वाले गोदाम का निर्माण भी करा सकते हैं परन्तु उन्हें अनुदान के रूप में 5 लाख रुपये ही मिलेगा। स्वीकृति पत्र प्राप्ति के 30 दिनों में किसानों को गोदाम निर्माण का कार्य शुरू करना होगा। सरकार अपनी आवश्यकतानुसार इसका उपयोग कर सकेगी। साथ ही, किसानों को शपथ पत्र देना होगा कि वे गोदाम का उपयोग अन्न भंडारण के लिए ही करेंगे।