मुख्य समाचार

एपीसी ने मुसल्लहपुर बाजार समिति का किया निरीक्षण 

पटना। कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) सुनिल कुमार सिंह ने मुसल्लहपुर बाजार समिति का निरीक्षण किया। उनके साथ कृषि निदेशक हिमांशु कुमार राय एवं डीएम कुमार रवि भी थे। वरिष्ठ अधिकारियों ने बाजार समिति प्रांगण में आधारभूत संरचना का जायजा लिया। साथ ही सुधार संबंधित आवश्यक निर्देश भी दिए ।  
बिहार राज्य कृषि विपणन पर्षद् (विघटित) के अधीन वर्तमान में 95 बाजार समितियां हैं, जिनमें 54 बाजार समितियों में ही आधारभूत संरचना सहित बाजार प्रांगण हैं। 2006 में विघटन के बाद सभी निःशुल्क बाजार के रूप में कार्यरत हैं। सरकार ने कृषि रोड मैप में सभी बाजार प्रांगण में आधुनिक सुविधाओं के लिए चरणबद्व कार्यक्रम बनाया है। 
पहले चरण में पटना (मुसल्लहपुर), बिहारशरीफ, भागलपुर, दरभंगा, पूर्णियां, मुजफ्फरपुर, गया, समस्तीपुर, मुंगेर, सुपौल, छपरा, सासाराम, मोतिहारी व बेतिया के बाजार प्रांगणों का काम होगा। दरभंगा बाजार समिति में काम शुरू हो गया है। 
बाजार प्रागंण में आधारभूत संरचना के साथ बैंक व पोस्ट आॅफिस की सुविधा, चेक पोस्ट, पुलिस आउट पोस्ट, किसानों के ठहरने के लिए किसान भवन व पार्क की व्यवस्था होगी। सभी बाजार प्रागंणों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंडियों से जोड़ा जायेगा, जहां उत्पादों का अद्यतन बाजार मूल्य दर्शाया जायेगा। बाजार प्रांगण में उत्पादों की खरीद, बिक्री तथा आॅक्शन का काम इलेक्ट्राॅनिकली करने की व्यवस्था होगी। 


संबंधित खबरें