मुख्य समाचार

पेयजल समस्या के निदान पर सीएम ने दिया जोर

भागलपुर । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर और बांका जिलों की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। सीएम ने पेयजल की समस्या के निराकरण पर जोर देते हुए कहा कि भूगर्भ जल की शुद्धता पर काम करें। बारिश के पानी का संचय कर इसे पीने के उपयोग में लाएं ताकि बांका और आसपास के इलाकों में पानी की समस्या दूर हो सके। इसके पहले मुख्यमंत्री ने भागलपुर हवाई अड्डे पर करीब 35 लाख की लागत से बने लाउंज का उद्घाटन किया। 

भागलपुर में विक्रमशिला के समानांतर पुल की मांग पर सीएम ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार सेे इस संबंध में बात हो चुकी है। भागलपुर में जगदीशपुर से अलग एक अंचल बनाने की मांग पर विचार करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री नेे कहा कि बटेश्वर पंप नहर योजना का काम लगभग पूरा हो गया है। अगले सप्ताह इसके उद्घाटन के लिए आएंगे। भागलपुर केे तीनटांगा दियारा व पश्चिमी चंपारण के हरनाटांड में ट्राइबल स्कूलों के शिक्षकों के वेतन की समस्या पर चिंता जाहिर करते हुए विभाग के प्रधान सचिव को कार्रवाई का निर्देश दिया।

मौके पर मंत्री राजीव रंजन सिंह व राम नारायण मंडल, क्षेत्र के सभी विधायक, मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, डीजीपी पीके ठाकुर, प्रधान सचिव चंचल कुमार, प्रत्यय अमृत व अमृत लाल मीणा, प्रमंडल आयुक्त राजेश कुमार, आईजी सुशील खोपड़े व डीआईजी विकास वैभव समेत जिलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।  
 


संबंधित खबरें