पटना । बिहार की विकास दर वित्तीय वर्ष 2016-17 में 10.3 फीसदी हो गई है। इसी अवधि में देश की विकास दर सात फीसदी रही। देश की तुलना में राज्य की विकास दर तीन फीसदी अधिक है। वित्तीय वर्ष 2015-16 में राज्य की आर्थिक विकास दर 7.5 फीसदी थी। सब्जी उत्पादन, कृषि, ऊर्जा, सड़क व डेयरी के क्षेत्र में भी तरक्की हुई है। 26 फरवरी को उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सुशील कुमार मोदी ने विधानमंडल में 2017-18 की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश की।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रति व्यक्ति आय में सालाना 8.63 फीसदी की वृद्धि हुई है। 2016-17 में बिहार में प्रति व्यक्ति आय 26693 रुपये हो गई जबकि 2015-16 में यह 24,572 रुपये थी। प्रति व्यक्ति आय जहां पटना में सबसे अधिक, वहीं शिवहर में सबसे कम है। राज्य में विकास पर होने वाले खर्च में पिछले पांच सालों में 79 फीसदी की वृद्धि हुई है।