पटना । राजस्व व भूमि सुधार मंत्री राम नारायण मंडल ने कहा कि उद्योग का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए प्रयास जारी है। उद्योग के विकास से ही राज्य विकसित राज्यों के श्रेणी में आ सकेगा। बिहार में काफी बदलाव आया है। उन्होंने बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के औद्योगिक भूखंड के लिए अलग से एमवीआर संबंधित प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया। वह गांधी मैदान में आयोजित पांच दिवसीय डेस्टीनेशन बिहार-एक्सपो 2018 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार की चिंता श्रमिकों के कल्याण के साथ उद्योगों को बढ़ावा देना भी है। इसी आधार पर पाॅलिसी बन रही है। उन्होंने माना कि जिस तरह से विभिन्न क्षेत्र में रोजगार के अवसर घट रहे हैं। उसका विकल्प स्वरोजगार से ही खोजा जा सकता है ।
बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केसरी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सूबे के उद्यमियों के उत्पादों को एक बड़ा प्लेटफार्म देना है। स्टार्टअप पाॅलिसी के अंतर्गत वेंचरपार्क की स्थापना की गयी है। नये उद्यमियों को सहायता के साथ उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है। एक्सपो आयोजन समिति के अध्यक्ष निशिथ जायसवाल, संजीव कनोडिया व अरविंद सिंह ने भी अपने विचार रखें। प्रदर्शन के आधार पर कई स्टाॅल को पुरस्कृत भी किया गया।