पटना/बिहार कारोबार न्यूज । राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने पटना एयरपोर्ट परिसर में 23 अप्रैल से बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की । पांच दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य सीआरबीएन यानी रासायनिक, जीव वैज्ञानिक रेडियोधर्मी तथा परमाणु सामग्री से उत्पन्न आपात स्थिति से निबटने की तैयारी में वृद्धि करना है। एयरपोर्ट अथाॅरिटी आॅफ इंडिया (एएआई) तथा इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसन एंड एलाइड सांइसेज (इन्मास) के सहयोग से प्रशिक्षण हो रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन गृह विभाग के प्रधान सचिव अमीर सुभानी ने किया। उन्होंने कहा कि पटना एयरपोर्ट के लिए इस तरह के प्रशिक्षण का आयोजन करना गर्व का विषय है। यह एयरपोर्ट के साथ अन्य सरकारी संस्थाओं व अस्पतालों के लिए भी फायदेमंद होगा।
विभिन्न विभाग परमाणु ऊर्जा , एनडीआरएफ बिहटा, इन्मास व एनडीएमए के विशेषज्ञ व्याख्यान के साथ डेमोन्स्ट्रेशन देंगे। मौके पर एयरपोर्ट के निदेशक आरएस लाहोरिया समेत कई अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।