पटना/बिहार कारोबार न्यूज । सूबे में विशेष अभियान चलाकर वन महोत्सव की अवधि में एक करोड़ पौधे लगाए जाएंगे । उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने पर्यावरण व वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में उक्त निर्देश दिए ।
उन्होंने बताया कि 9 जून को बांस काॅन्क्लेव एवं 24-25 जून को जलवायु परिवर्तन पर ईस्ट इंडिया काॅन्क्लेव होगा । नमामि गंगे परियोजना के तहत कम कीमत पर अच्छी गुणवत्ता के बांस का गैवियन लगाने तथा रैखिक पौधारोपण के बजाय निजी भूमि में फलदार वृक्षों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया । इस परियोजना के तहत चालू वित्त वर्ष में राज्य के 18 वन प्रमंडलों में 2120 हेक्टेयर में 36 लाख से अधिक पौधे लगाने के लिए 20.69 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है । मुख्यमंत्री निजी पौधशाला की समीक्षा में संबंधित सभी पहलुओं को नई कृषि वानिकी नीति में शामिल करने का भी निर्देश दिया । राष्ट्रीय कृषि वानिकी परियोजना के उपयोगिता प्रमाण-पत्र को समय पर भेजने का निर्देश दिया ताकि केंद्र सरकार से शत प्रतिशत राशि प्राप्त हो सके ।