नई दिल्ली/एजेंसी । दूरसंचार विभाग ने सोमवार (14 मई, 2018) को भारती एयरटेल के साथ टेलीनॉर इंडिया के विलय को मंजूरी दे दी है। इस विलय से एयरटेल का सात सर्किल में स्पेक्ट्रम बढ़ेगा। टेलीनोर बिहार, असम, उत्तर प्रदेश (पूर्व व पश्चिम), आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र व गुजरात में अपनी सेवाएं दे रही है।
सुप्रीम कोर्ट ने पिछले सप्ताह दूरसंचार विभाग की याचिका को खारिज करते हुए सौदे को मंजूरी देने का निर्देश दिया था। विभाग चाहता था कि ये कंपनियां जमानत राशि के रूप में लगभग 1700 करोड़ रुपये जमा कराए। नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) ने 8 मार्च को ही प्रस्तावित विलय को मंजूरी दे दी थी।
दूरसंचार विभाग ने एयरटेल से बिहार सेवा क्षेत्र में 50 फीसदी तक समायोजित सकल राजस्व (दूरसंचार सेवाओं से अर्जित धन) के आधार पर बाजार हिस्सेदारी को कम करने के लिए कहा है।