नई दिल्ली/पटना। वरिष्ठ पत्रकार एवं सांसद हरिवंश राज्य सभा के उप सभापति निर्वाचित हुुुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने उन्हें बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने राज्यसभा में अपने संबोधन में कहा कि हरिवंश ने लोकनायक जय प्रकाश नारायण से प्रेरणा ग्रहण की है। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के मीडिया सलाहकार रहने की वजह से उन्हें पहले ही जानकारी थी कि चंद्रशेखर जी पद त्याग देंगे, लेकिन इसकी खबर उन्होंने अपने समाचार पत्र को भी नहीं होने दी, जो कि सरकारी सेवा और नैतिकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
परमवीर अलबर्ट एक्का देश के लिए शहीद हुए थे। बाद में जानकारी मिली कि उनकी पत्नी बेहाल जिंदगी गुजार रही है। हरिवंश ने लोगों से चार लाख रुपये इकट्ठा करके शहीद की पत्नी को पहुंचाए थे। इसी तरह एक प्रतिष्ठित व्यक्ति को नक्सली उठाकर ले गए। उन्होंने अपने अखबार के जो भी श्रोत थे, उनके माध्यम से हिम्मत के साथ नक्सलियों की बेल्ट में चले गए। उन्हें समझाया और आखिरकार उसे छुड़ा करके ले आए। अपनी जिंदगी दांव पर लगा दी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि हरिवंश कलम के धनी हैं। पत्रकारिता में उनका अमूल्य योगदान रहा है। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि उनके उप सभापति बनने से बिहार और झारखंड का गौरव बढ़ा है।