पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र की तरह बिहार में पशु विज्ञान केंद्र की भी स्थापना आवश्यक है। इसके लिए सरकार जमीन उपलब्ध कराएगी। इस काम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से सहयोग की उम्मीद है। सीएम बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा पशुओं के इलाज के लिए बेहतर पशु अस्पताल की स्थापना एवं विशेषज्ञों की नियुक्ति भी होगी । इस काम में राशि की कमी नहीं होगी। पशुओं के देसी नस्ल को बढ़ावा देना होगा। इस मौके पर बेहतर काम करने वाले कई वैज्ञानिक एवं किसानों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, पशु व मत्स्य संसाधन मंत्री पशुपति कुमार पारस, विश्वविद्यालय के वीसी डाॅ रामेश्वर सिंह, सचिव एन. विजयालक्ष्मी, सीएम सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी समेत कई पशु विशेषज्ञ मौजूद थे।