पटना । असम में रहने वाले 73 हजार बिहार के मूलवासियों ने अपने विभिन्न प्रमाणपत्र, आधार, मतदाता सूची, मतदाता पहचान पत्र, भू-अभिलेख व ड्राइविंग लाइसेंस संबंधित कागजात असम सरकार के माध्यम से सत्यापित कराने के लिए बिहार सरकार को भेजा है । इसका लाभ उन्हें असम में बन रही राष्ट्रीय नागरिक पंजी (नेशनल रजिस्टर आॅफ सिटीजन्स) में नाम शामिल कराने में होगा ।
डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने बताया कि राज्य सरकार ने सभी डीएम को निर्देश दिया है कि वे अभियान चला कर दस्तावेजों को सत्यापित कराएं ताकि किसी बिहारी को परेशानी न हो़ । असम में 1951 के बाद पहली बार नागरिक पंजी का निर्माण असम समझौते के तहत सुप्रीमकोर्ट की देख-रेख में चल रहा है। ताकि असम में रहने वाले भारतीय नागरिकों को सूचीबद्ध किया जा सके। जिनका नाम पंजी में शामिल नहीं है,उन्हें विदेशी नागरिक माना जाएगा ।
अब तक 52,110 दस्तावेज संबंधित जिलों, विभाग, बोर्ड एवं निगम को भेजा गया है। 5418 दस्तावेज सत्यापन के बाद प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें 3264 दस्तावेज असम भेजे जा चुके हैं । सर्वाधिक दस्तावेज सारण (8716), मुजफ्फरपुर (8022), सीवान (3874), वैशाली (3936), पूर्वी चंपारण (2951), गोपालगंज (2215), दरभंगा (1763) से हैं । सर्वाधिक सत्यापित दस्तावेज 4218 बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से प्राप्त हो चुके हैं ।