पटना/हाजीपुर/20.12.18। जीके काॅटन इंडस्ट्रीज के ऑनर गुंजन खेमका की हत्या पर बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स ने गहरी चिंता व्यक्त की है। गुंजन हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष भी थे। चैंबर ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग जिला प्रशासन से की है ।
चैंबर ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं डीजीपी से अनुरोध किया है कि राज्य के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करनेवाले ऐसे असामाजिक तत्वों पर अविलंब अंकुश लगे। एक बेहतर माहौल बने ताकि राज्य के उद्यमी एवं व्यवसायी अपना व्यवसाय कर सकें। सरकार के प्रति उनकी आस्था और प्रगाढ़ हो।
इस घटना से हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया समेत सूबे के सभी व्यवसायी काफी विचलित हैं एवं उनमें सुरक्षा को लेकर काफी घबराहट है। समीप में थाना होने एवं पुलिस पेट्रोलिंग के बावजूद दिन-दहाड़े इस तरह की घटना को अंजाम देना यह बताता है कि अपराधियों को पुलिस प्रशासन का भय नहीं है ।