पटना/01.03.19 । गाजियाबाद एवं नोएडा के लिए बस सेवा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा सेवा का विस्तार दिल्ली तक होना चाहिए। इसके लिए दिल्ली सरकार से बात की जाएगी। दिल्ली में काफी संख्या में बिहारी रहते हैं। उन्हें इस सुविधा की जरूरत है।
परिवहन विभाग की अनुपयोगी जमीन का इस्तेमाल पर्यटन के लिए किया जायेगा। डीजल- केरोसिन मिश्रित ईंधन से चल रहे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन की बधाई देने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया। अधिवेशन भवन में आयोजित कार्यक्रम में ड्राइविंग लाइसेंस व व्हेकिल रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट डाक से भेजने के लिए डाक निदेशक मनोज कुमार एवं परिवहन सचिव संजय अग्रवाल के बीच एमओयू का हस्तांतरण किया गया।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, मंत्री नंद किशोर यादव, जय कुमार सिंह, महेश्वर हजारी, संतोष कुमार निराला व राणा रंधीर सिंह, मुख्य सचिव समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।