नई दिल्ली/31.03.19/एजेंसी। विजया बैंक और देना बैंक का एक अप्रैल से बैंक ऑफ बड़ौदा में विलय हो जाएगा। विलय के बाद सार्वजनिक क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा, एसबीआई के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक होगा।
रिजर्व बैंक ने कहा कि विजया बैंक और देना बैंक के उपभोक्ता एक अप्रैल से बैंक ऑफ बड़ौदा के उपभोक्ता होंगे। विलय की योजना के तहत विजया बैंक के शेयर धारकों को प्रत्येक एक हजार शेयरों के बदले बैंक ऑफ बड़ौदा के 402 शेयर मिलेंगे। इसी तरह देना बैंक के शेयरधारकों को प्रत्येक एक हजार शेयर के बदले बैंक ऑफ बड़ौदा के 110 शेयर मिलेंगे। विलय के बाद संयुक्त निकाय का कारोबार 14.82 लाख करोड़ रुपये का होगा।
देश के बैंकिंग क्षेत्र में 2018-19 में कई अहम पहल की गई । आईडीबीआई बैंक में सरकार की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी को भारतीय जीवन बीमा निगम को हस्तांतरित कर दिया गया। वित्त सेवा विभाग ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में रेकॉर्ड 1.06 लाख करोड़ रुपये की पूंजी भी डाली। इसके परिणामस्वरूप सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया, काॅरपोरेशन बैंक, इलाहाबाद बैंक समेत पांच बैंक आरबीआई की त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई निगरानी से बाहर निकल आए।