मुख्य समाचार

लोकपाल की वेबसाइट का अध्यक्ष ने किया उद्घाटन

नई दिल्ली/16.05.19। लोकपाल के अध्यक्ष जस्टिस पिनाकी चंद्र घोष ने लोकपाल की वेबसाइट का उद्घाटन किया। वेबसाइट का निर्माण राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) ने किया है। वेबसाइट http:// lokpal.gov.in पर देखी जा सकती है। लोकपाल का अस्थायी कार्यालय वर्तमान में नई दिल्ली स्थित होटल अशोक में है।  

लोकपाल की स्थापना लोकपाल और लोकायुक्त अधिनियम 2013 के अंतर्गत की गई है। यह लोक सेवकों के विरुद्ध भष्ट्राचार के आरोपों की जांच और विवेचना करेगा। लोकपाल के संदर्भ में शिकायत स्वीकार करने के लिए नियमावली तैयार की जा रही है। 

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस पिनाकी चंद्र घोष को 23 मार्च, 2019 को राष्ट्रपति ने पद की शपथ दिलाई थी। साथ में चार न्यायिक और गैर न्यायिक सदस्य भी हैं। विभिन्न हाई कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस प्रदीप कुमार मोहंती, अभिलाषा कुमारी, दिलीप बी. भोसले और अजय कुमार त्रिपाठी इसके न्यायिक सदस्य हैं। 

सशस्त्र सीमा बल की पूर्व पहली महिला प्रमुख अर्चना रामसुंदरम, महाराष्ट्र के पूर्व सीएस दिनेश कुमार जैन, पूर्व आईआरएस अधिकारी महेंद्र सिंह और गुजरात कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी इंद्रजीत प्रसाद गौतम गैर-न्यायिक सदस्य हैं।


संबंधित खबरें