नई दिल्ली/एजेंसी/27.05.19। बीएसएनएल ने भरोसा जताया है कि वह अपने कर्मचारियों को मई का वेतन समय पर देगी। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अनुपम श्रीवास्तव ने सोमवार को कहा कि हम संतोषजनक स्थिति में हैं। हम इस महीने का वेतन समय पर दे पाएंगे।
सीएमडी ने कहा कि कर्मचारियों को 900 करोड़ रुपये के वेतन का भुगतान मोबाइल, ब्रॉडबैंड और उपक्रम व्यवसाय से होने वाली प्राप्तियों से किया जाएगा। फिलहाल कर्मचारियों की संख्या 1.68 लाख है। कंपनी ने हाल में अपनी कार्यशील पूंजी के लिए एसबीआई से 1,500 करोड़ रुपये ऋण का समझौता किया है।
दूरसंचार विभाग की ओर से जारी गारंटी के आधार पर कंपनी यह ऋण प्राप्त करेगी। कंपनी को फरवरी महीने में कर्मचारियों को वेतन देने में परेशानी आई थी। सरकार ने पिछले महीने कंपनी को बैंकों से ऋण के लिए गारंटी पत्र जारी किया था। चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही तक स्थिति सामान्य हो जाएगी।