नई दिल्ली/एजेंसी/08.07.19। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनर्जी एफिसिएन्सी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) ने 1.5 टन इन्वर्टर एसी की बिक्री शुरू की है। इसकी कीमत 41,300 रुपये है। ईईएसएल ने आवासीय और संस्थागत उपभोक्ताओं के लिए उच्च दक्षता एयर कंडीशनिंग कार्यक्रम की शुरुआत की है। स्पिलिट एसी की रेटिंग 5.4 स्टार है। एसी सालाना करीब 300 यूनिट बिजली बचाने में मदद करेगी।
ईईएसएल के प्रबंध निदेशक सौरभ कुमार ने कहा कि पहले चरण में दिल्ली के उपभोक्ताओं को 50,000 एसी उपलब्ध कराए जाएंगे। एसी पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा। अन्य क्षेत्रों के ग्राहकों के ऑर्डर भी लिए जाएंगे। ग्राहक ईईएसएल के ऑनलाइन पोर्टल ईईएसएल मार्ट के माध्यम से एसी के लिए ऑर्डर कर सकते हैं।
एसी की कीमत 41,300 रुपये है। इसमें जीएसटी और परिवहन लागत शामिल है। प्रबंध निदेशक ने कहा कि ईईएसएल एसी की तुलना में बाजार में उपलब्ध 5 स्टार रेटिंग एसी 50,000 रुपये तक है। इस दौड़ में तीन कंपनियां शामिल थीं। सबसे कम बोली 41,300 रुपये के करण वोल्टास को एसी आपूर्ति का काम मिला है। डाइकिन ने 46,000 रुपये की बोली लगाई थी।